राउरकेला : राउरकेला से शुरू होकर पूरे राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है। महिलाओं और बच्चियों असुरक्षित हो गई है। चोरी, डकैती और अपहरण के मामले बढ़ रहे हैं। माताओं और बच्चों का सम्मान व सुरक्षा का वादा कर पिछले 21 साल से शासन कर रहे नवीन सरकार के कार्यकाल में सबसे ज्यादा महिलाएं व बच्चे प्रताड़ित शोषित हुए है। ये बातें राउरकेला जिला कांग्रेस की ओर से इसके विरोध में एसपी कार्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कही।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष जॉर्ज तिर्की, रघुनाथपल्ली कांग्रेस नेता प्रशांत सेठी, बीरमित्रपुर कांग्रेस के रोहित जोसेफ तिर्की, पीसीसी सदस्य रामानंद श्रीचंदन और प्रभाती मिश्रा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता नायक और कार्यकारी अध्यक्ष निरुपम बलियार सिंह, पूर्व पीसीसी सचिव गणेश प्रसाद, युवा नेता ज्ञानेंद्र दास प्रमुख ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ओडिशा की नाकाम सरकार के कारण आज राज्य घरेलू हिसा और महिलाओं के खिलाफ हिसा में तीसरे स्थान पर है। राज्य में हर दिन 11 बच्चे लापता होते हैं और हर साल 4,400 से अधिक बच्चों का अपहरण कर लिया जाता है। आपराधिक गतिविधियों पर अगर लगाम नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में कांग्रेस आंदोलन अधिक व्यापक करेगी।



